आधे घंटे की बारिश में शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। लोग तंज कस रहे थे कि यही स्मार्ट सिटी है। शहर में आए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी एवं गोरखपुर के सांसद एवं फिल्म स्टार रवि किशन की गाड़ी जलभराव से गुजरी।
मंगलवार को दिन में झमाझम बारिश शुरू हुई तो लोग राहत महसूस कर रहे थे। भीषण गर्मी एवं उमस से कुछ समय के लिए निजात मिल गई, लेकिन बारिश के बाद मैरिस रोड, सेंटर प्वाइंट, कचहरी रोड, जवाहर भवन, गुरुद्वारा रोड, सुदामापुरी, रामघाट रोड, रेलवे रोड सहित कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया।
केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी एवं गोरखपुर सांसद रवि किशन पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के मैरिस रोड स्थित आवास पर शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे थे। जब वापस लौटे तो मैरिस रोड में रास्ते पर जलभराव हो गया था। उनकी गाड़ी जलभराव वाले रास्ते से गुजरी। शोक संवेदना प्रकट करने पूर्व मुख्यमंत्री के घर पहुंचे अन्य लोगों को भी परेशानी हुई।