न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
महुआखेड़ा क्षेत्र में जीटी रोड पर धनीपुर व सिंधौली के बीच शुक्रवार देर शाम दुर्घटना में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों अकराबाद के गांव बमनोई से बाइक पर सवार होकर किसी काम से शहर आ रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। दोनों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, अकराबाद के गांव बमनोई के 55 वर्षीय रामवीर सिंह अपने 40 वर्षीय भतीजे मुन्ने सिंह के साथ आठ बजे बाइक से किसी काम से शहर आ रहे थे। तभी जीटी रोड पर किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी और भाग गया। राहगीरों ने दोनों को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो पुलिस को खबर दी।
पुलिस ने आनन-फानन दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां किसी तरह पहचान होने पर उनके परिवार को खबर दी। इसी बीच रामवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया और कुछ देर बाद मुन्ने ने भी दम तोड़ दिया। सीओ द्वितीय मोहसिन खान ने बताया कि परिवार के आने पर आगे की कार्यवाही पूरी की जाएगी।