न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
थाना देहली गेट पुलिस ने वांछित चल रहे दो बदमाशों को लूट के मोबाइल, नगदी और हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि थाना देहली गेट के प्रभारी आशीष कुमार सिंह को निर्देश दिए गए थे कि वह छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाएं।
इसी क्रम में जंगलगढ़ी बाईपास पर जाटव बगीची के सामने वाहन चेकिंग की जा रही थी। तभी हड्डी गोदाम की ओर से दो बाइक आती दिखाई दीं। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो हड़बड़ी में बाइक में फिसल गईं।
पुलिस ने आमिर पुत्र जैनुद्दीन, गोंडा रोड सब्जी मंडी के पास गली न. 4 शाहजमाल थाना देहली गेट व मुनीश उर्फ कालू पुत्र शाहबुद्दीन, अलहदाद पुर नीवरी बड़ी मस्जिद के पास थाना देहली गेट को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों पर थाना दिल्ली गेट में लूट, छिनैती, चोरी आदि के मुकदमे दर्ज हैं। इनके पास से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल और 200 रुपये नगद बरामद हुए हैं।