न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के सिविल लाइंस क्षेत्र में दोदपुर अकबर मार्केट के पास सड़क पटरी पर लगा ट्रांसफार्मर विद्युत अभियंताओं की अनदेखी और देखरेख के अभाव में फटा था। इसी के चलते इस हादसे में एक महिला की मौत हुई थी, जबकि कई लोग जख्मी हुए थे। इस मामले में विद्युत संरक्षा अधिकारियों की जांच रिपोर्ट को आधार मानते हुए पीड़ित पक्ष की याचिका पर सीजेएम न्यायालय ने इलाके के एसडीओ व जेई के खिलाफ मुकदमे के निर्देश सिविल लाइंस पुलिस को दिए हैं।
अधिवक्ता वीरपाल सिंह जादौन के अनुसार इस मामले में पीड़ित पक्ष से अख्तर अली निवासी महक स्ट्रीट हमदर्द नगर की ओर से सीजेएम न्यायालय में याचिका दायर की गई। जिसमें कहा गया कि 11 नवंबर 2019 को उनकी बेटी अतिका अख्तर रिक्शे में सवार होकर बाजार से घर आ रही थी। इसी दौरान दोदपुर अकबर मार्केट के बराबर सड़क पटरी पर रखा ट्रांसफार्मर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया था और उससे इधर उधर गरम तेल भी फैला था। इस दुर्घटना में अतिका अख्तर के अलावा मुख्तार, राशिन, शारिक, जैतून आदि कई लोग जख्मी हुए थे। रिक्शा, बाइक आदि क्षतिग्रस्त हुए थे। दुकान पर रखे साठ मुर्गे जल गए थे और आसपास काफी नुकसान हुआ था। कुछ दिन बाद जख्मी जैतून की मौत हो गई थी।
याचिका के अनुसार इस मामले में उपनिदेशक विद्युत संरक्षा की ओर से जांच की गई, जिसमें स्थानीय विद्युत अधिकारियों की अनदेखी व देखरेख का अभाव इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार माना गया। वहीं पीड़ित अपनी बेटी का इलाज कराने में व्यस्त रहा। उसे यहां से दिल्ली सफदरजंग अस्पताल तक ले जाया गया। जहां अभी उसकी दो टांगों व बाजुओं की एक सर्जरी होना बाकी है और 24 लाख रुपया खर्च होना बताया गया है। बाकी और खर्च होगा। इस मामले में पुलिस के पास भी गया। मगर इलाज के चलते देरी पर पुलिस ने सुनवाई नहीं की। बाद में अदालत में इलाके के एसडीओ पुष्पेंद्र कुमार व जेई धर्मपाल सिंह के खिलाफ याचिका दायर की, जिसमें सीजेएम न्यायालय ने 9 अक्तूबर को सिविल लाइंस थाने को इलाके के एसडीओ और जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
ये है विद्युत संरक्षा की जांच का निष्कर्ष
-यह ट्रांसफार्मर कई वर्ष पुराना था। जिसकी कूलिंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। ट्रांसफार्मर के रेडियेटर को ट्रांसफार्मर की बॉडी से हटाकर बॉडी से बैल्ड कर दिया गया था। ट्रांसफार्मर में कूलिंग के लिए बीदर व सेफ्टी वाल नहीं लगे थे। ट्रांसफार्मर की एचटी साइड की आंतरिक कॉयल में शार्ट सर्किट होने के कारण हीट जनरेट हुई और अंदर भरे ऑयल का तापमान बढ़ गया और गैस फार्मेशन हुई। इसके कारण सेफ्टी न होने के चलते अंदर प्रेशर बढ़ने पर ट्रांसफार्मर फट गया और तेल बाहर निकलने पर लोगों पर जा गिरा।