महुआ खेड़ा क्षेत्र की सांगवान सिटी हाउसिंग सोसाइटी में रविवार को दिनदहाड़े दो बंद मकानों को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर यहां से लाखों कीमत का माल ले गए। दोपहर में जब चोरी की जानकारी हुई तो खबर पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पहली घटना बाहर नौकरी करने वाले इंजीनियर प्रशांत के मकान में हुई है। उनकी पत्नी भी इंजीनियर हैं। यहां सांगवान सिटी के मकान डी-126 में उनके पिता होराम सिंह व मां रामवती अकेले रहते हैं। रविवार सुबह करीब दस बजे बुजुर्ग दंपती बाजार सब्जी खरीदने गए थे।
जब वे करीब 12:30 बजे लौटे तो घर के ताले टूटे हुए थे। इस सूचना पर पुलिस भी आ गई और प्रशांत को भी यहां बुला लिया गया। प्रशांत ने पुलिस को जो जानकारी दी है, उसके अनुसार करीब डेढ़ सौ ग्राम सोना, 700 ग्राम चांदी, 30 हजार रुपये की नकदी व अन्य कीमती सामान सहित करीब 12 लाख कीमत का माल चोरी गया है। चोरों ने एक ही अलमारी से माल पार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
इसी हाउसिंग सोसाइटी में होराम के घर के पीछे गली में रहने वाले हाथरस के गांव तिलौठी निवासी यतेंद्र सिंह सीआरपीएफ में तैनात हैं। परिवार सहित यहां रहते हैं। वे परिवार के साथ गांव गए हुए हैं। रविवार को दिन में चोरों ने उनके मकान से भी ताले तोड़कर चोरी की है। हालांकि अभी यतेंद्र के यहां न आने के कारण यह जानकारी नहीं हो सकी है कि उनके मकान से कितना माल चोरी हुआ है। मगर यहां से भी कीमती सामान गायब है। इंस्पेक्टर महुआ खेड़ा के अनुसार मामलों में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
चंद घंटों में दबोचा बहन के घर से चोरी का आरोप
देहली गेट के नगला मसानी में शनिवार रात गोंडा का युवक अपने ही बहन-बहनोई के घर से 1.67 लाख रुपये नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गया। वारदात के समय उसकी हरकत पांच साल की भांजी ने देख ली और पुलिस को सच बता दिया। इस पर सुबह हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई नकदी व पूरा माल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार नगला मसानी निवासी दरबार सिंह की बड़ी बेटी की अगले माह शादी है। बेटी की शादी के लिए दरबार सिंह ने शुक्रवार को एक प्लाट बेचा था। जिसकी रकम 1.67 लाख रुपये घर में ही रखी थी। शनिवार शाम दरबार सिंह का साला विष्णु निवासी मादर गोंडा यहां आया। जब वह आया तो उसकी पांच वर्षीय भांजी घर में अकेली थी।
इसी दौरान अपनी बहन के पर्स में से घर की चाभी लेकर बक्से में रखे 1.67 लाख रुपये, चांदी की पायजेब, कर्दनी आदि चोरीर निकल गया। रात में दरबार सिंह व उसकी पत्नी पूनम घर आए तो बेटी ने पूरी बात बताई। इस पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। खबर पर हरकत में आई पुलिस ने बच्ची के बयान के आधार पर विष्णु को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह सच उगल गया और चोरी का पूरा माल बरामद करा दिया।