स्वर्ण जंयती नगर चित्रांजलि कॉलोनी में चोरी के बाद घटना की जानकारी पुलिस को देते लोग। संवाद
- फोटो : CITY OFFICE
क्वार्सी क्षेत्र की स्वर्ण जयंती नगर में चित्रांजलि कॉलोनी में जलनिगम के सेवानिवृत्त अभियंता के घर शनिवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई है। चोर घर से करीब 14 लाख रुपये का माल पार कर ले गए। घटना के वक्त परिवार बैंक मैनेजर बेटे की शादी की खरीदारी करने बाजार गया था।
तभी यह घटना हुई। शाम को वापस आए परिवार को चोरी की जानकारी हुई तो दंग रह गए। पुलिस ने शक के आधार पर दो रिक्शा चालक हिरासत में लिए हैं, जिनसे पूछताछ चल रही है। यहां के रहने वाले आमेंद्र गुप्ता जल निगम से सेवानिवृत्त अभियंता हैं। उनका बेटा बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बलरामपुर शाखा में तैनात है।
बेटे की 17 जून को अलीगढ़ में ही शादी होनी है। इसकी तैयारियां चल रही हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे आमेंद्र, अपनी पत्नी सुचि व बेटी निधि संग खरीदारी करने सेंटर प्वाइंट गए थे। शाम चार बजे लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और सेफ का भी ताला टूटा था, जिसमें से करीब चार लाख रुपये नकद व 10 लाख रुपये कीमत के जेवरात गायब थे।
इस सूचना पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। जहां परिवार ने जानकारी दी कि दो दिन से क्राकरी लेकर रिक्शा चालक आ रहा था। इस शक पर दो रिक्शा चालक हिरासत में लिए हैं। वहीं आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय ने बताया कि घटना के बाद खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी है। सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं।