महानगर में सक्रिय झपटमारों ने यूपीएससी की तैयारी कर रही सब्जी की ढकेल लगाने वाले की बेटी से स्मार्टफोन के साथ-साथ उसकी उम्मीदें लूट लीं। अब परिवार के पास इतना इंतजाम नहीं है कि दूसरा स्मार्ट फोन खरीद सके और उसकी तैयारी बाधित हो रही है। एसएसपी से इस घटना के संबंध में हुई मार्मिक गुहार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना 7 अप्रैल की दोपहर करीब ढाई बजे की है। ज्वालापुरी की रहने वाली मनीषा यादव डीएस कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रही है। साथ में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग से यूपीएससी की तैयारी कर रही है। उसके पंजाबी यादव पिता सब्जी की ढकेल लगाते हैं और ऑनलाइन तैयारी के इरादे से उसे कोचिंग शुरू होने से पहले ही स्मार्ट फोन दिलवाया गया।
घटना वाले दिन वह अपनी साथी छात्रा संग घर से कोचिंग जा रही थी। तभी सुदामापुरी में बाइक सवार दो युवक पीछे से आए। उन्होंने पहले तो मनीषा को टक्कर मारी, जिससे वह गिर गई। उससे संभल कर वह उठी, तभी उसके मोबाइल पर किसी का कॉल आया।
जैसे ही युवती ने कॉल रिसीव किया, तभी बाइक सवार उसके हाथ से मोबाइल झपटकर तेजी से भाग गए। घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। मगर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। मामले में एसएसपी के सामने पहुंची युवती ने अपनी मार्मिक व्यथा बताई और कहा कि अब दूसरा मोबाइल खरीदना परिवार के लिए बेहद मुश्किल काम है। इस पर तत्काल मुकदमा दर्ज कराया गया। सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमे के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।