कांग्रेस उम्मीदवार मशकूर अहमद उस्मानी (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
अलीगढ़। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद अचानक सुर्खियों में आए एएमयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष मशकूर अहमद उस्मानी पर अलीगढ़ में छह मुकदमे पुलिस रिकार्ड में दर्ज हैं। इनमें एक मुकदमा अदालत के कुर्की आदेश की अवहेलना में हुई कार्रवाई का भी है। पुलिस रिकार्ड पर गौर करें तो इनमें से चार मुकदमों में पुलिस ने चार्जशीट दायर की है, जबकि एक मुकदमा ऐसा भी है, जिसमें साक्ष्यों के अभाव में अंतिम रिपोर्ट दायर की गई।
पुलिस रिकार्ड में गौर करें तो सबसे पहला मुकदमा वर्ष 2015 में क्वार्सी थाने में दर्ज हुआ, जिसमें मशकूर अहमद उस्मानी पुत्र अन अहमद निवासी फैजुला चौक थाना लहेरिया सराय दरभंगा बिहार हाल निवासी एएमयू सहित पांच लोग नामजद किए गए। धोखाधड़ी के इस मुकदमे में पुलिस ने साक्ष्यों के अभाव में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी। वर्ष 2018 में निषेधाज्ञा उल्लंघन, जिन्ना प्रकरण में आरएम हॉल के छात्र कमरुल हसन के भाई से रंगदारी व हमले का मुकदमा दर्ज हुआ।
इसके बाद हरदुआगंज की बहुचर्चित मुठभेड़ में मारे गए दो बदमाशों के परिवार को अतरौली से दिल्ली ले जाने पर अपहरण तक दर्ज हुआ। इसके अलावा बरौली विधायक के पौत्र के समर्थन में पहुंचे भाजयुमो जिलाध्यक्ष पर हमले में मुकदमा दर्ज किया गया। इन चारों मुकदमों में चार्जशीट दायर की गई है। वहीं, अदालत के कुर्की आदेश की अवहेलना पर धारा 174 ए के तहत मुकदमा की कार्रवाई दर्ज है।
जिन्ना प्रकरण के दिन पुलिस पर हमले के मुकदमे से निकला मशकूर का नाम
बात अगर 2 मई 2018 को हुए जिन्ना प्रकरण के दिन की करें तो पुलिस पर हमला व सरकारी कार्य में बाधा का मुकदमा तत्कालीन इंस्पेक्टर सिविल लाइंस जावेद खां की ओर से 300 से अधिक अज्ञात एएमयू छात्रों व कुछ नामजद पर दर्ज कराया गया था। उस समय लंबे समय तक धरना प्रदर्शन चला था और मुकदमा वापसी की जिद पर छात्र धरने पर अड़े रहे थे। पुलिस पर हमले के दौरान उसकी नामजदगी गलत पाए जाने पर नाम हटाया गया था। यह तय पाया गया था कि भीड़ की शक्ल में मौजूद छात्रों को मशकूर ने रोकने का काफी प्रयास किया था।
ये दर्ज हुए मुकदमे
- 15 अप्रैल 2018 को धारा 188 का थाना सिविल लाइंस में, मशकूर सहित 8 नामजद 250 अज्ञात, चार्जशीट दाखिल
- 15 मई 2018 को जिन्ना प्रकरण के धरने के दौरान छात्र से रंगदारी मांगने, हमले में मशकूर आदि नामजद, चार्जशीट दाखिल
- 12 फरवरी 2019 को भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश पर हमले का सिविल लाइंस में मशकूर आदि नामजद, चार्जशीट दाखिल
- 27 सितंबर 2018 को अतरौली में हरदुआगंज मुठभेड़ में मृत बदमाशों की मां के अपहरण में मशकूर आदि नामजद, चार्जशीट दाखिल
- 30 अगस्त 2015 को क्वार्सी में मौलाना मो.राशिद कासमी द्वारा धोखाधड़ी में मशकूर आदि नामजद, साक्ष्यों के अभाव में एफआर
- 18 दिसंबर 2018 को एसएसआई सिविल लाइंस की ओर से मशकूर व उसके साथी जीशान पर धारा 174 ए के तहत मुकदमा दर्ज