दाउद खां में बीती तीन अक्तूबर को मालगाड़ी के डीरेल होने की जांच रिपोर्ट डीआरएम को भेज दी गई है। अब कार्रवाई उन्हीं के स्तर से होनी है। कोरोना काल में ट्रेनों का संचालन लगभग 95 फीसदी तक पहुंच गया है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के पीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि मंडल के 66 हजार कर्मियों का टीकाकरण हो गया है। लगभग ढाई लाख डोज का प्रयोग किया गया है, जिसमें रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मियों के साथ कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं।
पीआरओ रविवार को स्टेशन पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि ठेकेदारों के साथ काम करने वाले सफाई कर्मियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार, पैसा काटने, पासबुक जमा कराने की शिकायतों का संज्ञान लिया जाएगा। इस पर कार्रवाई होगी। किसी सफाई कर्मी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्टेशन पर जारी निर्माण कार्य वर्ष 2022 में पूरे हो जाएंगे। नये प्लेटफार्म पर लिफ्ट और एक्सलेटर भी लगाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। अलीगढ़ स्टेशन के सोलर प्लांट द्वारा 120083 यूनिट बिजली का उत्पादन कर 374657 रुपये के राजस्व की बचत की है। इस मौके पर सीएमआई संजय शुक्ला एवं स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम उपस्थित रहे।
पीआरओ मुख्य रूप से स्टेशन की सौर ऊर्जा के बारे में बताने आए थे। उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के चलते उत्तर मध्य रेलवे ने सौर ऊर्जा की दिशा में अपने कदम तेज कर दिए हैं। इस वित्तीय वर्ष की पहली छमाही में उत्तर मध्य रेलवे ने 67 लाख बिजली के यूनिट का उत्पादन किया जिससे 2.73 करोड़ रुपये के राजस्व की बचत तो हुई ही साथ ही साथ 5700 टन कार्बन उत्सर्जन का हृास हुआ, जो कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पिछले साल की इसी अवधि में उत्तर मध्य रेलवे द्वारा 60 लाख यूनिट का उत्पादन किया गया था। उत्तर मध्य रेलवे ने कुल 11.03 मेगावाट की क्षमता के सोलर प्लांट विभिन्न स्टेशनों पर लगाए हैं, जिनका नियमित तौर पर रखरखाव किया जाता है। वर्ष 2021-22 में सोलर मिशन के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे ने 1.3 करोड़ यूनिट के उत्पादन का लक्ष्य रखा है, जिससे 5 करोड़ रुपये के राजस्व की बचत होगी।
अलीगढ़ रेलवे परिसर में 182 किलोवाट की क्षमता के सोलर प्लांट स्टेशन की छत, प्लेटफार्म, आफिस एवं रनिंग रूम की छत पर लगाए गए हैं, जो मार्च 2018 से कार्यरत हैं। अप्रैल से सितंबर तक कि अवधि में अलीगढ़ स्टेशन के सोलर प्लांट द्वारा 120083 यूनिट बिजली का उत्पादन कर 374657 के राजस्व की बचत की है।
इस अवधि में 101 टन कार्बन उत्सर्जन का हृास हुआ है। अलीगढ़ सोलर प्लांट का प्रदर्शन पिछले साल की तुलना से इस साल लगभग दोगुना रहा। पिछले साल की इसी अवधि में 61133 यूनिट का उत्पादन हुआ था, और 51 टन कार्बन एमिशन कट हुआ था।