शहर में विभिन्न स्थानों पर लगने वाली कचौड़ी व चाट पकौड़ी की ढकेलों पर सामाजिक दूरी और महामारी से बचने के अन्य मानकों का पालन नहीं हो पा रहा है। एक अनुमान के मुताबिक शहर के अंदर 350 से अधिक (स्रोत: फुटपाथ एवं लघु उद्योग व्यापार यूनियन) छोटी बड़ी कचौड़ी, चाट पकौड़ी और खस्ते आदि की ढकेलें संचालित होती हैं। इन पर काफी भीड़ लगती है। इस दौरान मास्क, सैनिटाइजेशन या सामाजिक दूरी का अभाव स्पष्ट देखा जा सकता है। जिससे संक्रमण का खतरा होने की संभावना और बढ़ जाती है। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रशासन को पत्र लिखकर इस ओर ध्यान दिलाया है।
चाट पकौड़ी आदि की ढकेलों पर सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को पत्र लिखकर मांग उठाई है कि इनके यहां पर सिर्फ पैकिंग की सुविधा होनी चाहिए।
केडी शर्मा, निवासी शिवपुरी
चाट पकौड़ी की ढकेलों पर काफी भीड़ देखी जा रही है। जो कि महामारी के फैलने के लिए बहुत अनुकूल है। एक जगह पर लोग इकट्ठा होंगे तो उस समय प्रसार होने की संभावना सबसे ज्यादा होती है। इसलिए सिर्फ पैकिंग की सुविधा होनी चाहिए।
डॉ. यशपाल रावल, मलखान सिंह जिला अस्पताल