कौशल कुमार ओझा, अलीगढ़।
बारिश के बाद नगरवासियों को दमघोेंटू प्रदूषण से बहुत राहत मिली है। दिवाली के दिन वायु प्रदूषण का स्तर बढ़कर 270.93 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर तक पहुंच गया था, जो घटकर 72.28 तक आ गया है।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी रामगोपाल ने बताया कि दिवाली के पहले 11 नवंबर 2020 को ज्ञानसरोवर में 208 पीएम 10 रिकार्ड किया गया था, जो दिवाली के दिन 270.93 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था। इसी तरह पीएम 2.5 मानक से थोड़ा अधिक था। दिवाली के दिन बढ़कर 69.20 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था। रविवार की रात बारिश के बाद पीएम 10 और पीएम 2.5 घटकर क्रमश: 72.28 और 25.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया है। इससे नगर वासियों को प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है। रामगोपाल ने बताया कि वायु प्रदूषण कम होने का कारण बारिश के अतिरिक्त पटाखे बंद होना, वाहनों का कम चलना एवं नगर में भीड़ कम होना भी है। अब पराली का धुंध वातावरण से खत्म हो गई है। उल्लेखनीय है कि पीएम 10 का मानक 100 और पीएम 2.5 का मानक 60 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर है। वर्तमान समय में शहर के आवासीय क्षेत्र ज्ञानसरोवर में वायु प्रदूषण बिल्कुल नहीं है, जो राहत की बात है।
दिवाली के बाद....
16 नवंबर 2020 को ज्ञानसरोवर में पीएम 10 - 72.28 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर, पीएम 2.5 - 25.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर, सल्फर डाईऑक्साइड - 27.5 एवं नाइट्रोजन ऑक्साइड - 31.80 -सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक
--
15 नवंबर 2020 को ज्ञानसरोवर में पीएम 10 - 191.09, पीएम 2.5 - 45.80, सल्फर डाईऑक्साइड - 35, नाइट्रोजन ऑक्साइड - 40
दिवाली के दिन....
- 14 नवंबर 2020 को ज्ञानसरोवर में पीएम 10 - 270, पीएम 2.5 - 69.20, सल्फर डाईऑक्साइड - 48.66 एवं नाइट्रोजन ऑक्साइड - 54.33 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर
दिवाली के पहले...
- 11 नवंबर 2020 को ज्ञानसरोवर में पीएम 10 - 208, पीएम 2.5 - 62
नोट.... उत्तर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा वायु प्रदूषण का स्तर मापने के लिए आवासीय क्षेत्र ज्ञानसरोवर में मशीन लगाई गई है। इससे ज्ञानरोवर का वायु प्रदूषण का स्तर पता चलता है। शहर के अन्य आवासीय, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों की स्थिति का सटीक आकलन इससे नहीं होता है। ज्ञानसरोवर की वायु गुणवत्ता के स्तर के आधार पर शहर का अनुमान लगाया जाता है।