प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं और विकास से संबंधित कार्यों की शासन स्तर से रैकिंग जारी की गई है। इसमें अलीगढ़ मंडल को प्रदेश भर में नौंवा स्थान मिला है। कुछ महीने पहले तक मंडल टॉप पर था। कई महीने से मंडल दूसरे स्थान पर भी कायम रहा था।
प्रदेश सरकार के क्रियान्वयन विभाग की ओर से विकास एजेंडा कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी जिलों एवं मंडलों की हर महीने रैकिंग जारी होती हैं। इसमें विकास कार्यों को लागू करने और जरूरतमंदों तक पहुंचाने के हिसाब से नंबर भी दिए जाते हैं। अलीगढ़ मंडल पिछले कई महीने तक पहले पांच स्थानों में शामिल रहा है।
जनवरी माह की जारी की गई रैकिंग में अब चार स्थान की गिरावट आने से अब नौंवे स्थान पर आ गया है। 37 बिंदुओं पर तय की गई रैकिंग में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, रोजगार सृजन कार्यक्रम, पंचायत भवन, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प, मनरेगा के कार्यों, राष्ट्रीय आजीविका मिशन तहत महिलाओं को रोजगार दिलाने आदि कार्यों को शामिल किया गया है। इसमें अलीगढ़ मंडल को 325 में से 321 नंबर मिले हैं।