महानगर के देहली गेट थाना क्षेत्र के खैर रोड पर रविवार देर रात को पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने दोनों बदमाशों को घेराबंदी कर दबोच लिया। उनके पास से दो तमंचे, कारतूस, 100 ग्राम नशीला पाउडर, मोबाइल व बाइक बरामद हुई। दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।
देहली गेट इंस्पेक्टर आशीष कुमार ने बताया कि खैर रोड पर संदिग्ध वाहनों की पुलिस की टीम तलाशी कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो लोग लोग आते दिखे, उन्हें रोकने की कोशिश की गई। जिस पर उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को दबोच लिया।
उनकी पहचान सुल्तान निवासी गोंडा रोड, यूनिस बैल्डिंग वाली गली व सरफराज निवासी रहमानियां मस्जिद वाली गली नीवरीं मोड़, देहली गेट के तौर पर हुई है। आरोपियों के खिलाफ लूट, जानलेवा हमला, एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट के चार-चार मुकदमे दर्ज हैं।