महानगर के देहली गेट इलाके के एक प्रेमी जोड़े की शादी में जब दरोगा रोड़ा बना तो प्रेमी जोड़ा शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर पहुंच गया। यहां दरोगा पर रुपये न मिलने पर समझौता पत्र न देने और शादी न होने देने का आरोप लगाया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसपी क्राइम ने तत्काल देहली गेट इंस्पेक्टर को निर्देश दिए कि दोनों का समझौता पत्र वापस किया जाए। साथ में उनकी शादी में भी सहयोग किया जाए।
वाकया इस तरह है कि देहली गेट थाना इलाके के एक प्रेमी युगल ने जब परिवारों के खिलाफ जाकर शादी की प्लानिंग की तो युवती के घर वाले विरोध में आ गए। इस पर युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और वहीं रहने लगी। बात पुलिस तक पहुंची तो चौकी पर दोनों के परिवारों को बुलाया गया। जहां समाज की सहमति व प्रेमी जोड़े के बालिग होने के चलते दोनों के परिवार शादी को राजी हो गए और लिखित में चौकी पर समझौता भी हुआ।
शुक्रवार को हाथों में मेहंदी लगी दुल्हन व उसका प्रेमी एसएसपी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने एसपी क्राइम के सामने चौकी इंचार्ज पर आरोप लगाया कि समझौता पत्र देने के नाम पर पैसे की मांग की है। प्रेमी युगल ने यह भी आरोप लगाया कि दरोगा जी धमकी दे रहे हैं, अगर पैसे नहीं दिए तो शादी नहीं होने देंगे। मात्र 13 हजार रुपये की डिमांड की जा रही है। एसपी क्राइम ने मामले में कोतवाल को निर्देशित कर प्रेमी युगल की मदद के निर्देश दिए।