जहरीली शराब कांड में शराब माफिया सुमित कुमार उर्फ सोनी की चल-अचल संपत्ति बृहस्पतिवार को जब्त कर ली गई है। यह कार्रवाई शासन व डीजीपी मुख्यालय के निर्देश पर लगातार की जा रही है। अब तक 73 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के निर्देशन में पुलिस ने हैदरनगर, अकराबाद हाल पता शंकर विहार कॉलोनी, क्वार्सी निवासी सुमित कुमार उर्फ सोनी पुत्र सुरेश पाल सिंह की गैंगेस्टर एक्ट कार्रवाई के बाद संपत्ति, जब्तीकरण की कार्रवाई की गई है। शराब माफिया सुमित की चल-अचल संपत्ति, जिसकी कीमत करीब 10 लाख 46 हजार रुपये 714 रुपये आंकी गई। गांव अलहदादपुर, गांव अधौन की जमीन जब्त में शामिल है। पुलिस के अनुसार, सुमित ने यह संपत्ति अपमिश्रित, जहरीली शराब के अवैध कारोबार से अनाधिकृत रूप से अर्जित की थी। इससे पहले शराब माफिया अनिल चौधरी, विपिन यादव उर्फ ओमवीर सिंह, मुनीष कुमार शर्मा, रिषी कुमार, अर्जुन, विक्रम सिंह, नीरज चौधरी, रविंद्र पाठक, सतीश कुमार उर्फ खुराना की संपत्ति गैंगेस्टर एक्ट के तहत अब तक कुल करीब 73 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।