जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल शराब माफिया ऋषि शर्मा की पत्नी व पूर्व ब्लाक प्रमुख रेनू शर्मा सहित तीन आरोपियों की जमानत अर्जी पर बृहस्पतिवार को सुनवाई टल गई। इस दौरान बचाव पक्ष की ओर से समय मांग लिए जाने के कारण अब जनपद न्यायाधीश के स्तर से इस मामले में सुनवाई के लिए 27 जुलाई तारीख नियत की गई है।
अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता डीजीसी धीरेंद्र सिंह तोमर के अनुसार शराब कांड में रेनू शर्मा निवासी जवां, कपिल शर्मा निवासी जवां व ऋषि के भांजे आकाश उपाध्याय निवासी बुलंदशहर की ओर से जमानत अर्जी दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई के लिए बृहस्पतिवार की तारीख नियत थी। इस दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की ओर से तैयारियों के संबंध में समय मांग लिए जाने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी और अब 27 जुलाई नियत की गई है। इसके अलावा कुछ अन्य जमानत अर्जियां भी शराब कांड में न्यायालय में दाखिल हुई हैं, जिनमें पिसावा व क्वार्सी से जुड़ी कुछ जमानत अर्जियां हैं, जिन पर सुनवाई की तारीख नियत हैं।