जहरीली शराब कांड में ताबड़तोड़ कार्रवाई के क्रम में एक और अवैध शराब फैक्टरी पुलिस ने पकड़ी है। उसके संचालक को गिरफ्तार किया है। इसके विषय में इनपुट रिमांड पर लिए गए मदन गोपाल उर्फ कालिया से मिला था। पकड़ा गया शराब तस्कर पूर्व में अकराबाद के दभी से पकड़े गए रविंद्र यादव का सहयोगी है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के अनुसार पूर्व में अकराबाद के दभी में शराब फैक्टरी चलाने के आरोप में पकड़े गए रविंद्र यादव के साथी के रूप में पवन उर्फ चिंटू निवासी चांदगढी बरला का नाम प्रकाश में आया। जब उसके ठिकाने पर दबिश दी गई तो अवैध शराब फैक्टरी पकड़ी गई। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पवन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने रविंद्र से अपने रिश्ते स्वीकारे हैं। इस तरह अब तक 5 फैक्टरी पकड़ी जा चुकी हैं। यह फैक्टरी चांदगढ़ी के ही रमेश के बंद पड़े ईंट भट्ठे में चल रही थी।
ये हुआ बरामद--एक खाली ड्रम प्लास्टिक 200 लीटर, एक जरीकेन प्लास्टिक 40 लीटर (25 लीटर अपमिश्रित शराब), 82 रैपर गुड इवनिग मार्का, 1500 क्यू आर बार कोड़, 80 खाली पव्वा , 4 रोल सैलो टेप, 1 मग्गा लाल रंग, 1 कीप प्लास्टिक की, 207 ढक्कन गुड इवनिंग, 1 पेटी तैयार अवैध देशी शराब गुड इवनिंग मार्का (48 पव्वा)आदि।
जेल भेजा गया कालिया, साथी अनिल की तलाश
मडराक पुलिस द्वारा रिमांड पर लिए गए मदनगोपाल उर्फ कालिया को शुक्रवार को जेल में दाखिल कर दिया गया। वहीं अब उसे केमिकल सप्लाई करने वाले उसकी फैक्टरी के साझेदार अनिल की तलाश में पुलिस भागदौड़ कर रही है। बताया गया है कि अनिल का भी अलीगढ़ आना-जाना था। वहीं कालिया को फिर से दूसरे थाने से रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है।
बता दें कि मूल रूप से फरीदाबाद निवासी कालिया को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया था। उसने पूछताछ के दौरान अपनी गुरुग्राम की फैक्टरी पकड़वाई और अपने केमिकल सप्लायर साथी व पार्टनर अनिल निवासी फरीदाबाद का नाम बताया है। पुलिस ने पूछताछ पूरा होने के बाद कालिया को शुक्रवार को जेल भेज दिया। वहीं अब उसे फिर से दूसरे थाने से रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है। इसके पीछे मंशा है कि वह कुछ और बरामद करा सकता है। साथ में कुछ अन्य तथ्यों पर उससे जानकारी मिल सकती है।