तालानगरी के केमिकल सप्लायर कारोबारी विजेंद्र कपूर से ऋषि, अनिल, विपिन व शिवकुमार की मुलाकात कराने वाला नकली घी फैक्टरी संचालक कारोबारी गौतम भी तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। उसने पूछताछ के आधार पर दो ड्रम मिथाइल अल्कोहल बरामद कराया है। यह माल उसने अपनी फैक्टरी के पास ही छिपाकर रखा था, जिसकी जानकारी उसने दिन में दी थी। देर रात पुलिस बरामदगी की कार्रवाई पूरी करने में जुटी थी।
मूल रूप से डिबाई बुलंदशहर का रहने वाला गौतम तालानगरी में नकली घी बनाने की फैक्टरी चलाता था। उसी आड़ में शराब बनाने का धंधा भी करता था। इसने ही विजेंद्र कपूर से शराब सिंडिकेट के सदस्यों की मुलाकात कराई और केमिकल भी इसी के जरिये शराब सिंडिकेट को भेजा जाता था। गिरफ्तारी के बाद गौतम को जेल भेज दिया गया था। मगर उससे माल बरामद नहीं हो पाया था। इसी कड़ी में हरदुआगंज पुलिस ने शुक्रवार सुबह गौतम को तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है। दिन में हुई पूछताछ में उसने अपने पास एक गुप्त ठिकाने पर मिथाइल अल्कोहल छिपा होने की जानकारी दी। देर रात पुलिस ने उस ठिकाने पर ले जाकर दो ड्रम मिथाइल अल्कोहल बरामद कर लिया था। देर रात अन्य जांच व तलाश का काम जारी था।
- शराब प्रकरण में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के बयान/निशादेही के आधार पर प्रकाश में आए तथा शेष बचे अभियुक्तों की धरपकड़ का अभियान जारी है। वहीं माल बरामदगी भी जारी है। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी
शराब प्रकरण में लगी 14वें दिन पहली चार्जशीट
जहरीली शराब कांड में पुलिस ने 14वें दिन पहली चार्जशीट शुक्रवार को न्यायालय में दाखिल कर दी गई है। यह चार्जशीट क्वार्सी में पकड़े गए शराब ठेकेदार से संबंधित मुकदमे में दायर की गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी के निर्देशन में जांच कर रही टीमें लगातार चार्जशीट की दिशा में बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में क्वार्सी में 5 जून को दर्ज हुए मुकदमा अपराध संख्या 606/2021 धारा 272/273 व 60 ए आबकारी अधिनियम में प्रमोद गुप्ता (शराब ठेकेदार) पुत्र माधव प्रशाद गुप्ता निवासी कुलदीप विहार थाना महुआखेडा के विरुद्ध विवेचना आशीष कुमार चौकी प्रभारी ज्वालापुरी द्वारा की जा रही थी, जिसमें मुकदमा दर्ज होने के 14वें दिन चार्जशीट दायर कर दी गई है। विवेचना में साक्ष्य संकलित करते हुए अभियुक्त प्रमोद गुप्ता (शराब ठेकेदार) के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। इसी क्रम में अन्य मुकदमों में भी चार्जशीट की तैयारी है।