जहरीली शराब कांड को लेकर एसएसपी कलानिधि नैथानी ने जहरीली व अवैध शराब के माफिया और कारोबारियों पर बेहद सख्त कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि ये कार्रवाई फिलहाल थमने वाली नहीं है। इसके लिए एडिशनल एसपी के नेतृत्व में 6 टीमें गठित की गई हैं। इसमें एक टीम कार्रवाई के लिए, दूसरी विवेचना, तीसरी पूछताछ और चौथीमाफिया की संपत्ति का चिन्हीकरण करने के लिए बनाई गई है। पांचवीं टीम विधिक राय के लिए बनाई गई है। जिससे कि हम अदालत में इस मामले को जोरदार तरीके से रख सकें। सभी साक्ष्य प्रस्तुत कर सकें। मजबूत पैरवी कर सकें। छठवीं टीम दूसरे राज्यों में अन्य आरोपियों की तलाश में लगी है।
उन्होंने बताया कि नहरों का पानी रोक कर जहरीली शराब की तलाश की जा रही है। गांव गांव मुनादी भी कराई जा रही है। इसके अलावा अब तक माफिया की कई अचल संपत्ति को ध्वस्त कर दिया गया है। माफिया ऋषि शर्मा की तलाश में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों में अलग अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उतर प्रदेश में भी अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।