कोल विधायक सऊदी अरब जाने के लिए फ्लाइट पकड़ना जाना था। इसी दौरान एक व्यापारी की कार में कुछ शराबियों ने टक्कर मार दी। यह देखकर वो टक्कर मारकर भाग रहे शराबी युवकों के पीछे हो लिए। बाद में कोतवाली खैर में पुलिस को व्यापारी की मदद के लिए मुस्तैद किया।
हुआ यह कि मंगलवार को विधायक जमीरउल्लाह पंद्रह दिन के लिए धार्मिक कार्य से सऊदी अरब गए हैं। वह फ्लाइट पकड़ने के लिए परिवार के साथ मंगलवार की दोपहर कार से अलीगढ़ पलवल मार्ग होकर दिल्ली जा रहे थे। उनके आगे चल रही एक बोलेरो में कुछ युवक शराब पीते हुए जा रहे थे। उन्होंने चौधाना के निकट आगे चल रहे अलीगढ़ के इलेक्ट्रानिक व्यापारी अजय अरोड़ा की कार में जोर से टक्कर मार दी और भाग लिए। यह सब देख रहे विधायक ने शराबी युवकों की बोलेरो कार का पीछा शुरू कर दिया।
पीछा होते देख बोलेरो सवार युवकों ने गाड़ी और तेज भगा दी। आखिरकार वे अर्राना कांटे से गांव के रास्ते पर मुड़कर भाग गए। जिस पर विधायक कोतवाली खैर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को मामला बताते हुए सबसे पहले पीड़ित कार सवारों की मदद के लिए कहा। विधायक की बात सुन हरकत में आई पुलिस की एक टीम टक्कर मारने वाले युवकों को पकड़ने के लिये दौड़ ली। दूसरी टीम क्षतिग्रस्त कार सहित उन कार सवारों को कोतवाली ले आई। तब तक विधायक कोतवाली में ही जमे रहे और कार सवारों की कुशल क्षेम पूछने के बाद दिल्ली ओर रवाना हो गए।