कस्बे में बुधवार शाम हथियारों से लैश बदमाश ज्वैलर से पांच लाख रुपये नकद व तिजोरी की चाबी लूट ले गए। बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। ताबड़तोड़ फायरिंग से कस्बे में डर का माहौल है। घटना की सूचना पर एसपी देहात शुभम पटेल व एसपी क्राइम डॉ. अरविंद कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।
बुधवार शाम साढ़े सात बजे के करीब कस्बा के डाकघर के समीप स्थित राजा ज्वैलर्स के मालिका के बेटे अजय वर्मा व उनका साला चीनू वर्मा शोरूम बंद कर घर जा रहे थे। जैसे ही वे दुकान से 100 मीटर दूर एक गली में पहुंचे हथियारबंद पांच बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाश उनका बैग छीनने लगे।
विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल तान दी, जिससे दोनों घबरा गए। बदमाश बैग छीनकर भागने लगे। तभी अजय वर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बदमाशों पर फायरिंग भी। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के दुकानदारों ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश भी की। लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
सूचना पर एसपी देहात शुभम पटेल व एसपी क्राइम डॉ. अरविंद कुमार भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक चंडौस, टप्पल, जट्टारी और पिसावा थाने की पुलिस बदमाशों की तलाश करती रही। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।
इधर, फायरिंग से कस्बे में डर का माहौल है। दुकानदार अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद करने लगे। मौके पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाश एक कार से उतरे थे। वे पांच-सात की संख्या में थे। सभी के हाथ में हथियार थे। लूट के अंदाज से लग रहा है कि वह पिछले कई दिनों से रेकी कर रहे थे।
घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। कस्बा के आसपास के सभी इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
- विकास कुमार, एएसपी/सीओ, खैर