क्स्बा के मोहल्ला मालीपुरा स्थित एक मस्जिद में नमाज के लिये पांच लोगों से ज्यादा घुसने से रोकने पर कुछ लोगों ने मुतवल्ली के पुत्र के साथ मारपीट कर दी। युवक ने रोते हुए सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसएसआई मौके पर पहुंच गये। पुलिस को देख आरोपी भाग गये। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि मालीपुरा में बाबा मस्जिद में इदरीश मुतवल्ली के रूप में कार्यरत हैं। वह रविवार को किसी कार्य से दिल्ली गये थे। उनके बाद उनका पुत्र महमूद मस्जिद में नमाज अदा कराता है। रविवार को सांय मोहल्ले के 15-20 रोजेदार नमाज के लिये मस्जिद में गये थे। वहां मौजूद महमूद ने उन्हें लॉकडाउन के नियम बताते हुए पांच लोगों को ही एक बार में नमाज के लिये आने के लिये कहा।
यह बात कुछ युवकों को नागवार गुजरी। उन्होंने महमूद को मस्जिद से बाहर खींच लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर एसएसआई मनीष चिकारा मौके पर पहुंच गये। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ संजीव दीक्षित का कहना है कि नियमों के उल्लंघन का अधिकार किसी को नहीं है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।