जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा और उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का पालन करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की है।
डीएम मंगलवार को नगर पंचायत कौड़ियागंज और थाना अकराबाद में शांति समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि कानून सभी के लिए एक समान है। यदि किसी भी व्यक्ति ने किसी धर्म को ठेस पहुंचाई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। यहां एसडीएम कोल संजीव ओझा, सीओ अतरौली शिव प्रताप सिंह, चेयरमैन कौड़ियागंज मो. इरफान, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र महाजन आदि समेत तमाम नागरिक मौजूद रहे।