रेलवे स्टेशन और छर्रा अड्डा पुल के मध्य रविवार शाम कानपुर की ओर से दिल्ली जा रही मालगाड़ी से सांड़ टकरा गया। इससे पहले साड़ ने युवक को टक्कर मारी थी। हादसे के चलते मालगाड़ी करीब सात मिनट तक खड़ी रही।
आरपीएफ पोस्ट कमांडर सीएस तोमर ने बताया कि रविवार शाम करीब 7:20 बजे कानपुर से एक मालगाड़ी दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही छर्रा अड्डा पुल के पास पहुंची, तभी रेलवे ट्रैक पर पहुंचे एक सांड़ ने लाइन पार कर रहे युवक को पहले टक्कर मारी, इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद सांड़ मालगाड़ी से टकरा गया। हादसे में सांड़ की मौत हो गई। हादसे के चलते मालगाड़ी को पायलट ने रोक दिया। सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी और गांधीपार्क पुलिस मौके पर आ गई। रेलवे का टेक्निकल स्टाफ भी पहुंच गया। इंजन में फंसे मलबे को बाहर निकाला और मालगाड़ी को करीब सात मिनट बाद गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। आरपीएफ पोस्ट कमांडर के अनुसार सांड़ की टक्कर से घायल हुए युवक की पहचान दुष्यंत उपाध्याय पुत्र प्रेम प्रकाश उपाध्याय निवासी महेश नगर, अचल ताल, गांधीपार्क के रूप में हुई है। युवक को एंबुलेंस के जरिए उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।