अखिल भारत हिंदू महासभा ने प्रधानमंत्री से देश में समान नागरिक संहिता कानून लागू करने की मांग की है। इसके साथ ही देश के स्कूलों में एक ड्रेस कोड की वकालत की है। महासभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. अन्नपूर्णा भारती के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
डॉ. अन्नपूर्णा भारती ने कहा कि समान नागरिक संहिता कानून न होने की वजह से सांप्रदायिक एवं राष्ट्र विरोधी ताकतें गैर जरूरी मांग कर देश को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं। इससे देश में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि देश में सभी स्कूलों में एक ड्रेस कोड बनवाया जाए, जो कि धर्म पर आधारित न होकर समानता का प्रतीक हो। धार्मिक स्कूलों को इसमें छूट दी जाए। स्कूलों में ड्रेस पहनकर न आने पर सजा का प्रावधान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कुछ लोग छात्राओं को उकसा कर इस मामले को हवा दे रहे हैं। समान नागरिक संहिता कानून न होने से ये परेशानी सामने आ रही है। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह आर्य, प्रशांत उपाध्याय, अनिल वर्मा, वेद प्रकाश मणि, अभिषेक गुप्ता आदि मौजूद थे।