क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड पर शंकर विहार के पास स्थित नर्सिंग होम में रविवार देर रात प्रसव के दौरान महिला की मौत पर बखेड़ा हो गया। यहां परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इस खबर पर पीड़ित के समर्थन में कुछ भाजपा नेता पहुंच गए और पुलिस भी आ गई थी। देर रात वार्ता जारी थी।
अतरौली के गांव मीरगढ़ी के लोकेश कुमार की 20 वर्षीय पत्नी नंदनी को प्रसव के लिए पहले अतरौली सीएचसी के बाद देर रात रामघाट रोड के नर्सिंग होम में लाया गया। देर रात महिला ने बेटे को जन्म दिया। मगर कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। इसे लेकर परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। देर रात वहां कुछ भाजपा नेता पहुंच गए थे। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार फिलहाल परिवार को शांत करा दिया गया है। लिखित में तहरीर देने की बात कही गई है। तहरीर व जांच के आधार पर जो तय होगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा।