महानगर के अतिसंवेदनशील ऊपरकोट इलाके में बृहस्पतिवार रात मारपीट के बाद टिर्री चालक के अचानक लापता होने के मामले में शुक्रवार सुबह सब कुछ सामान्य रहा। मगर, इस घटना के बाद से शहर में अफवाहें फैलाने वाले बाज नहीं आ रहे। अफवाहों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और सेक्टर स्कीम के तहत पुराने शहर में मजिस्ट्रेटों संग फोर्स तैनात रखी गई। इस दौरान जुमे की नमाज भी सकुशल हुई।
बृहस्पतिवार शाम भुजपुरा ठाकुर वाली गली का सद्दाम नशे में टिर्री लेकर जा रहा था। अब्दुल करीम चौराहे पर पहले एक दंपती से टकराया, फिर दही वाली गली से पहले स्कूटी सवार से टकराया। इसके बाद वहां दोनों में मारपीट हुई। हालांकि, घंटों बाद मिले टिर्री चालक को नशे में होने के कारण कुछ याद नहीं। मगर सीसीटीवी व वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने इस मामले में सद्दाम के परिवार की तहरीर पर मामू भांजा के अर्पित खंडेलवाल व चार-पांच अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। इधर, अर्पित पक्ष से दी गई छेड़खानी की तहरीर पर सीसीटीवी की मदद से जांच की जा रही है।
शुक्रवार सुबह से ही एडीएम सिटी, एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ प्रथम, सीओ द्वितीय कोतवाली पर डेरा डाले रहे। शहर व देहात के कई थानों के कोतवाल व पुलिस बल सेक्टर स्कीम के तहत मजिस्ट्रेटों के साथ पुराने शहर में जगह-जगह तैनात रहा। इस दौरान जुमे की नमाज को लेकर विशेष एहतियात बरती गई। कुल मिलाकर दिन पूरी तरह सकुशल निपटा। अस्पताल में भरती सद्दाम की हालत अब ठीक है।
स्टैंड नहीं कर रहा सद्दाम पक्ष का मुकदमा
बेशक टिर्री चालक सद्दाम पक्ष की ओर से पुलिस ने मारपीट आदि का मुकदमा दर्ज किया है। मगर, मौका-ए-वारदात पर शुक्रवार को मिली जानकारी व खुद सद्दाम के बयान के बाद यह मुकदमा स्टैंड नहीं कर रहा। सबसे पहले मौके पर यह पाया गया कि सद्दाम नशे में धुत होकर इंदिरा नगर, देहली गेट के रास्ते ऊपरकोट पहुंचा है। वहां से टिर्री लेकर अब्दुल करीम चौराहे पर एक महिला को टक्कर मारी है। उस महिला के साथ चल रहे पुरुष ने एतराज जताया तो उसे धमकाते हुए आगे बढ़ा है। तभी स्कूटी में टक्कर मारी है। नशे में होने के कारण उसे स्कूटी सवार की ओर से धक्का दिया गया तो वह गिर गया। तभी कुछ लोगों ने उसे रिक्शे में अस्पताल भेजा। मगर अस्पताल जाने के बजाय वह पत्थर बाजार में ही नशे में उतर गया और वहीं घंटों पड़ा रहा। बाद में जब गांधीपार्क बस स्टैंड पर मिला तो उसे घटनाक्रम के विषय में कुछ याद नहीं। बस स्वीकारा कि नशे में था।
-रात लापता हुए टिर्री चालक के मिलने के बाद सब कुछ सामान्य है। बस एहतियातन फोर्स तैनात कर रखा है। जांच के आधार पर जो तथ्य स्पष्ट होंगे, उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी
घंटों घूमे एसएसपी, अफवाह फैलाने वाले रडार पर
पुराने शहर में बृहस्पतिवार रात हुए घटनाक्रम के बाद से एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सख्त रुख अपनाया है। एक तरफ जहां वे खुद रात में कई घंटे और शुक्रवार को दिन में भ्रमणशील रहे। वहीं अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित करने के लिए पुलिस की सर्विलांस व सोशल मीडिया सेल को लगा दिया है। सीधे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने साफ कहा है कि चार बिंदुओं पर ऐसे लोग ध्यान दें। वरना उन्हें जेल जाने के बाद रासुका जैसी कार्रवाई भुगतनी पड़ सकती है।
एसएसपी ने बताया कि इस घटना में कुछ लोग सोशल मीडिया, मास मीडिया आदि पर उत्तेजित करने व अफवाह फैलाने वाले कृत्य कर रहे हैं। शुक्रवार को भी दिन में कुछ अफवाहें सामने आई हैं। ऐसे लोग पुलिस की ओर से चार चेतावनी विशेष रूप से ध्यान में रखें। अन्यथा ऐसे लोगों को जेल जाना होगा। उन्होंने इसके लिए बाकायदा पुलिस टीमों को कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया है। इस पर टीमें काम कर रही हैं।
- ये दिए निर्देश
- ट्विटर एवं फेसबुक पर किन-किन लोगों ने गैर प्रमाणित तथ्यों के आधार पर लोगों का भड़काने की कोशिश की, उनके ट्विटर हैंडल व पूर्ण डिटेल।
- मौके पर घायल व्यक्ति को मृत बताने वाले लोगों की सूची।
- वे लोग जिन का आपराधिक इतिहास है और संपूर्ण प्रकरण में विभिन्न वीडियो फुटेज एवं सोशल मीडिया पर लोगों को उत्तेजित करते हुए सक्रिय दिखाई दिए।
- प्रकरण में किस प्रकार के लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर दिया जाए एवं उत्कृष्ट विवेचना से ऐसे लोगों को चिन्हित करते हुए विधि सम्मत कार्रवाई की जाए।
- अपराध प्रमाणित होने पर ऐसे लोगों को सांप्रदायिक गुंडा की श्रेणी में डालते हुए थाने के अभिलेख में इनका इंद्राज किया जाए, जिससे भविष्य में इन पर निगरानी रखी जा सके।
- वे लोग जिनके हावभाव व क्रियाकलाप इस तरह के थे कि वह किसी भी अफवाह को दबा रहे थे और माहौल बिगड़ने से रोक रहे थे ऐसे लोगों को भी चिन्हित किया जाए एवं विभिन्न शांति समितियों का मेंबर बनाया जाए।
फेसबुक/व्हाट्सप आदि बन सकता है जेल जाने का कारण
अलीगढ़। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक सामग्री (जैसे लेख, फोटो, वीडियो आदि ) व्हाट्सप या फेसबुक पर डालेगा या फॉरवर्ड करेगा तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जायेगा। रासुका की कार्रवाई की जा सकती है। यह भी देख लें की भ्रमित करने के लिए किसी दूसरे जिला/ राज्य या देश की सामग्री (जैसे लेख, फोटो, वीडियो आदि)भी शेयर किया जा सकता है। ऐसी पोस्ट आदि पर ध्यान न दें। ग्रुप एडिमन का यह कर्तव्य है ऐसी सामग्री डालने वाले को तुरंत ग्रुप से बाहर करें व इसकी सूचना पुलिस को दें।
इन नंबरों पर सूचना दें--
1- इंचार्ज साइबर सेल - 7839876377
2- पुलिस अधीक्षक ग्रामीण- 9454401012
3- पुलिस अधीक्षक नगर- 9454401011
4- पुलिस अधीक्षक अपराध- 9454402810
5- क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम - 9454401239
6- क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय - 9454401240
7- क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय - 9454401241
8-क्षेत्राधिकारी अतरौली - 9454401244
9-क्षेत्राधिकारी इगलास - 9454401243
10- क्षेत्राधिकारी खैर - 9454401242
11- क्षेत्राधिकारी गभाना - 9454402803
12- क्षेत्राधिकारी बरला - 9454401245