महानगर के अतिसंवेदनशील अब्दुल करीम चौराहे पर बृहस्पतिवार शाम टिर्री-स्कूटी में टक्कर के बाद टिर्री चालक के गायब होने पर बखेड़ा खड़ा हो गया। गायब टिर्री चालक का परिवार देर रात पहले अब्दुल करीम चौराहे पर धरने पर बैठ गया जहां काफी हंगामा होता रहा। इस दौरान गैर समुदाय के युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया गया। इसलिए वहां तनाव के हालात पैदा हो गए। दोनों ओर से नेता भी जमा होने लगे। खबर पर पुलिस पीड़ित परिवार व उसके समर्थन में आई भीड़ को कोतवाली लेकर आई। जहां देर रात तक भीड़ जमा रही और हंगामा होता रहा। इसी बीच रात करीब साढ़े बारह बजे लापता टिर्री चालक गांधीपार्क बस स्टैंड के पास नशे की हालत में मिल गया। तब जाकर विवाद शांत हो सका। फिलहाल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भरती कराया गया है।
कोतवाली के भुजपुरा ठाकुर वाली गली निवासी 35 वर्षीय सद्दाम टिर्री चलाता है। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह अब्दुल करीम चौराहे से सटी दही वाली गली में से निकल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नशे में था, तभी एक स्कूटी से उसकी टिर्री टकरा गई। इस दौरान उसे रोका गया तो वह भागने लगा। बाद में उसे पकड़ लिया। इस बीच हुई मारपीट-हाथापाई में वह मौके पर गिर गया। बाद में कुछ लोग उसे जिला अस्पताल ले गए और उसकी टिर्री चौराहे पर ही पुलिस पिकेट के पास छोड़ गए। इधर, देर रात तक वह जब घर नहीं पहुंचा तो उसकी परिवार ने खोज शुरू की। परिवार को उसके झगड़े की जानकारी हुई तो पत्नी, दो माह की बेटी को लेकर परिवार की अन्य महिलाओं के साथ अब्दुल करीम चौराहे पर पहुंची।
इन लोगों ने वहां पुलिसकर्मियों से जानकारी की तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसी बात पर वहीं यह लोग धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ हंगामा करने लगे। उनका आरोप था कि जिन लोगों से टक्कर व मारपीट हुई है। उन्हीं ने गायब किया है। इसी दौरान वायरल हुए वीडियो में धक्का मुक्की देख विवाद ने और तूल पकड़ लिया। इस खबर पर वहां एएमयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सलमान इम्तियाज आदि भी पहुंच गए। दूसरी ओर भाजपा नेता शकुंतला भारती तमाम समर्थकों साथ पहुंच गईं। यह देख पुलिस को लगा कि विवाद न बढ़ जाए तो वे सद्दाम के परिवार व समर्थकों को कार्रवाई का आश्वासन देकर थाना कोतवाली ले आई। वहां पूर्व विधायक जमीरउल्लाह, सपा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, सलमान शाहिद सहित तमाम नेता व दो ढाई सौ लोगों की भीड़ आ गई और पुलिस के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया।
हंगामा व तनाव की खबर पर एडीएम सिटी, एसपी सिटी सहित, सिटी मजिस्ट्रेट कई थानों का फोर्स, कई सीओ भी आ गए। कोतवाली से लेकर अब्दुल करीम तक के इलाके में जगह-जगह पुलिस तैनात कर दी गई। देर रात मामले में पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर दे दी गई थी, जिस पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा था। वहीं आरोपियों को सीसीटीवी के आधार पर चिह्नित कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई थी। तभी पुलिस तलाश में टिर्री चालक गांधीपार्क बस स्टैंड के पास नशे की हालत में झूमता मिल गया। जब पुलिसकर्मियों ने उसे रोका तो वह कह रहा था कि टिर्री चोरी हो गई है। उसी को तलाश रहा है। पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर आई। इस खबर पर कोतवाली में जमा भीड़ सीधे जिला अस्पताल पहुंच गई। उसे देखने के बाद ही वापस लौटी।
प्रकरण में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही। दुर्घटना के बाद हुए विवाद के बाद से युवक गायब था, जो मिल गया है। परिवार ने उसे पहचान लिया है। अब जांच में जो तथ्य आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी तरह की अफवाह न फैलाई जाए।
- कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी सिटी
दिन में ही पी ली थी शराब, खुद स्वीकारा सद्दाम ने
जिला अस्पताल में परिवार, पुलिस के सामने सद्दाम ने यह बाद खुद स्वीकारी कि उसने दिन में ही शराब पी ली थी। उसे खुद नहीं याद कि अब्दुल करीम चौराहे के पास उसका किसी से झगड़ा हुआ था या नहीं। उसने बताया कि दोपहर में हापुड़ से लौटने के बाद वह घर से टिर्री लेकर निकला है। इसी बीच किसी ने उसे सारसौल के पास शराब पिलाई है। वहां से वह इंदिरा नगर की सवारी लेकर चला है। फिर अब्दुल करीम कैसे पहुंचा उसे कुछ याद नहीं। रात नौ बजे जब उसे होश आया तो खुद को पत्थर बाजार में नाले के किनारे पाया। यहां से वह सीधा अपनी टिर्री खोजते हुए गांधीपार्क बस स्टैंड पहुंचा। वह भटक रहा था। तभी पुलिस से उसकी मुलाकात हो गई। वह अपनी टिर्री खोजता फिर रहा था। पुलिस से भी उसने यही कहा था।
जुमे को लेकर पुलिस प्रशासन में था तनाव
बृहस्पतिवार देर रात हुई घटना के बाद पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूले हुए थे। चूंकि शुक्रवार को जुमा है। जुमे पर नमाज के बाद कहीं किसी तरह का विवाद न पैदा होने पाए। इसे लेकर सभी परेशान थे। मगर मध्य रात्रि युवक के मिलने के बाद सभी ने राहत महसूस की।
दूसरे पक्ष ने मढ़ा नशे में छेड़खानी का आरोप
इस घटना के दौरान ही पूर्व मेयर शकुंतला भारती, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, मानव महाजन, राजीव अग्रवाल आदि तमाम भाजपाई देहली गेट थाने पहुंच गए। उन्होंने टिर्री चालक के खिलाफ मामू भांजा की एक युवती से नशे की हालत में छेड़खानी करने और उसी विवाद में मारपीट होने की तहरीर दे दी है, जिसमें यह भी कहा गया कि जब उसे रोका गया तो वह भागने लगा। बाद में घिरने पर खुद ही जमीन पर गिर पड़ा। जिसे लेकर पुलिस जांच की बात कह रही है।