शासन-प्रशासन की लाख कोशिशों के बाद भी भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लग रही है। ताजा मामला कोल तहसील के अकराबाद ब्लाक के गांव दभी दभा के लेखपालों और ग्राम पंचायत अधिकारी का सामने आया है। इनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के बाद जांच के आदेश हुए हैं। एक ग्रामीण ने इस प्रकरण में राज्यपाल को शिकायती पत्र भेजा था। राज्यपाल के विशेष सचिव बद्री नाथ सिंह ने इस मामले में डीएम को पत्र मार्क कर भेजा है।
शिकायतकर्ता वीरेंद्र सिंह द्वारा राज्यपाल को भेजे पत्र में आरोप है कि दभी दभा के लेखपाल गोपाल और ग्राम पंचायत अधिकारी अजीत चौधरी ने करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार करके संपत्ति अर्जित की है। इन दोनों को आवास पर छापामारी कर अवैध धन कमाने के साक्ष्य, बैंक पासबुक, जमीन, बैनामे आदि जब्त कर इस प्रकरण की जांच की जाए, जिससे की भ्रष्टाचारी दंडित हों। यह शिकायत 19 मई को राज्यपाल कार्यालय को प्राप्त हुई। इसके बाद शिकायती पत्र को डीएम अलीगढ़ को मार्क कर राज्यपाल के विशेष सचिव बद्री नाथ सिंह ने अलीगढ़ प्रशासन को कार्रवाई के लिए भेजा है। डीएम चंद्रभूषण सिंह के मुताबिक भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। इस प्रकरण की जांच कराई जाएगी। आय से अधिक संपत्ति मिलने और भ्रष्टाचार के साक्ष्य मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।