जिले में देशी शराब की शीशी बंद पैक की बिक्री पर रोक लगने के बाद शुक्रवार को टेट्रा पैक (गत्ते की पैकिंग) शराब 15 प्रतिशत दुकानों तक पहुंच गई। जिले में 249 देशी शराब की दुकानें हैं। इन सभी पर डीएम चंद्रभूषण सिंह ने दो जून को ट्रेटा पैक की बिक्री का आदेश दिया था। इसके बाद आबकारी विभाग ने शीशी बंद पैक वाली शराब को कब्जे में लेना शुरू कर दिया है। आबकारी विभाग की माने तो जिले की सभी 249 दुकानों पर ट्रेटा पैक पहुंचाने और शीशी बंद शराब जब्त करने में एक सप्ताह का समय लगेगा।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने आदेश दिया था कि जिले की किसी भी देशी शराब की दुकान से पुराने स्टॉक की बिक्री नहीं की जाएगी। सभी पुराने स्टॉक को हटाया जाए। अब देशी शराब की दुकानों से सिर्फ टेट्रा पैकिंग वाली शराब की ही बिक्री की जाएगी। इस पैकिंग की नकल करना व इसके साथ छेड़छाड़ करते हुए मिलावट करना संभव नहीं है। इस पैकिंग के लिए डिस्टलरी में जो प्लांट होता है, वह काफी महंगा लगता है।