मैक्सफोर्ट हॉस्पिटल में मरीज से इलाज के नाम पर अधिक पैसे लेने की मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा था कि अन्य निजी कोविड अस्पतालों की लापरवाही सामने आने लगी। सोमवार को निजी कोविड अस्पतालों के नोडल अधिकारी एडीएम न्यायिक राकेश पटेल ने चार अस्पतालों का दौरा किया। चार अस्पतालों में कमियां मिलीं, जिनको सुधार के लिए अस्पतालों को निर्देश दिए गए।
राकेश पटेल ने बताया कि संजीवनी हॉस्पिटल, शेखर सराफ मेमोरियल हॉस्पिटल (रूसा), एसजेडी हॉस्पिटल, वरुण हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। संजीवनी हॉस्पिटल में अधिक पैसा लेने का आरोप तीमारदार ने लगाया। तीमारदार अपने मरीज की छुट्टी कराकर ले जा रहा था। जबकि रूसा अस्पताल में रेट लिस्ट नहीं लगी थी। एसजेडी में मृतकों की लिस्ट नहीं बनाई गई है। मिथराज हॉस्पिटल अभी तक सीसीटीवी से जुड़ा नहीं है। मिथराज के संचालक ने एक सप्ताह के भीतर सीसीटीवी के माध्यम से कंट्रोल रूम से जुड़ने की बात कही है। इस पर सभी अस्पताल संचालकों को चेतावनी दी गई है कि वह जल्द से जल्द व्यवस्थाओं में सुधार कर लें। वरना, उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।