एक मई से लागू कोरोना कर्फ्यू के 17वें दिन बाजारों में भीड़ देखने को मिली। पुलिस ने 11 बजे किराना की दुकानें, सब्जी, फल की ढकेलों के व्यापार को बंद कराया। जबकि रामघाट रोड, जीटी रोड व आगरा रोड पर दिनभर आवागमन चलता रहा।
सुबह आठ से 11 बजे तक लोगों ने किरानी की दुकानों, ठेल-ढकेल से सब्जी, फल, दूध-दही आदि की खरीदारी की। कई बाजारों में भीड़भाड़ भी रही।
11 बजते ही पुलिस ने व्यापार बंद कराया। दोपहर में कॉलोनी, गली-मोहल्ले और अपार्टमेंटों में लोग अपने घरों में कैद रहे तो सन्नाटा पसर गया, लेकिन शहर के मुख्य मार्गों पर इसके उलट तस्वीर थी। दिनभर आवागमन चलता रहा। रामघाट रोड, जीटी रोड व आगरा रोड सबसे ज्यादा व्यस्त रहे। पुलिसकर्मियों ने मास्क और हेल्मेट न पहनने वालों के चालान भी काटे। शाम को भी सब्जी, फल आदि की बिक्री हुई। लोग विभिन्न जगहों पर टहलते मिले। युवा और बच्चों ने साइकिल चलाकर मनोरंजन किया।