रविवार को लॉकडाउन/साप्ताहिक बंदी लागू होने से शादी वाले घरों में बेचैनी का माहौल है। इस संबंध में अभी ऐसा कोई स्पष्ट आदेश-निर्देश नहीं मिला है कि शादी समारोह इस दौरान किस प्रकार से होंगे, क्या नियम रहेंगे। जो रिश्तेदार आएंगे, उनकी आवाजाही की व्यवस्था किस प्रकार रहेगी। बरात चढ़ाने की अनुमति होगी या नहीं। इसको लेकर शादी वाले घरों में बेचैनी होने लगी। इधर, मैरिज होम और गेस्ट हाउस संचालक भी परेशानी में हैं।
25 अप्रैल को रविवार होने के साथ ही बड़ी सहालग भी है। इस दिन जिले में तकरीबन 250 शादियां हैं। इन शादियों की सभी तैयारी पूरी हो चुकी हैं। मैरिज होम्स और गेस्ट हाउस संचालक भी पूरी तैयारी कर चुके हैं। ऐसे में एकाएक रविवार को संपूर्ण प्रदेश में लॉकडाउन लागू होने से इस व्यवस्था को लेकर लोग परेशान हैं। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि अभी निर्देश सिर्फ रविवार के दिन साप्ताहिक बंदी/लॉकडाउन के हैं। शादी समारोह के आयोजन को भी उचित फैसला किया जाएगा।