कोरोना संक्रमण के कारण महाराष्ट्र में दिनोंदिन हालात खराब हो रहे हैं, तमाम पाबंदियां लगा दी गई हैं। इससे अलीगढ़ का ताला एवं हार्डवेयर कारोबार डगमगा रहा है। पाबंदियों के कारण ताला एवं हार्डवेयर उद्यमियों की चिंता बढ़ गई है। दरअसल, मुंबई के बंदरगाहों से यहां के ताला-हार्डवेयर उत्पाद विदेश भेजे जाते हैं।
नवी मुंबई स्थित बंदरगाह देश में आयात-निर्यात का मुख्य केंद्र है। अलीगढ़ का ताला, हार्डवेयर, इलेक्ट्रिक आइटम व अन्य उत्पाद इसी बंदरगाह से विदेश में जाते हैं। पानी के जहाज का माल भाड़ा बढ़ने एवं कंटेनर नहीं मिलने से उद्यमी पहले से ही परेशान थे। लॉकडाउन जैसी पाबंदियों से स्थिति और विकट होने की आशंका है। इसके अतिरिक्त महाराष्ट्र के शहरों में भी अलीगढ़ के उत्पादों की अच्छी खपत है। अनुमानित तौर पर सालाना दो हजार रुपये से अधिक का कारोबार महाराष्ट्र से है। अन्य कई राज्यों से अलीगढ़ का व्यापार वाया महाराष्ट्र होता है।
तालानगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन के महासचिव सुनील दत्ता कहते हैं कि महाराष्ट्र हिंदुस्तान का सबसे बड़ा औद्योगिक राज्य है और देश की वाणिज्यिक राजधानी है। अलीगढ़ का एक तिहाई कारोबार महाराष्ट्र से या महाराष्ट्र के माध्यम से होता है। लॉकडाउन जैसी पाबंदियों से नुकसान को नहीं रोका जा सकता है। इस हालात में कच्चे माल के भाव बढ़ने की आशंका भी है।
निर्यातक सुभाष गोयल का कहना है कि महाराष्ट्र के हालात देखकर डर लग रहा है। जरूरी चीजों को छोड़कर दुकानें बंद हैं। शिपिंग एजेंट सुशील शुक्ला का कहना है कि महाराष्ट्र के हालात देखकर लोग घबराए हैं। बंदरगाह पर बुकिंग अभी चालू है और माल जा रहा है। भविष्य में क्या होगा, यह किसी को पता नहीं है। हार्डवेयर कारोबारी विवेक गुप्ता ने बताया कि कोरोना के कारण कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जरूरी सामानों को छोड़कर कई शहरों में दुकानें बंद है। वहां के व्यवसायी पेमेंट टाल रहे हैं।