लॉकडाउन की अफवाह को लेकर शहर के बाजारों में रोजमर्रा के सामानों के दाम में वृद्धि होने लगी है। लगातार मिल रही शिकायतों पर रविवार का बाट-माप विभाग की टीमों ने जांच की। हालांकि, दाम बढ़ाकर किसी भी वस्तु को बेचने का मामला पकड़ में नहीं आया। दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा न होने पर बाट-माप अधिकारी मनोज कुमार की ओर से जिले के दुकानदारों को आदेश जारी किया गया, जिसमें उन्होंने आटा, तेल, दाल, चीनी, चावल आदि खाद्य पदार्थों के साथ ही अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों की लिस्ट दुकान पर चस्पा करने को कहा गया है।
बाट-माप अधिकारी मनोज कुमार के मुताबिक पिछले कई दिनों से लॉकडाउन को लेकर अफवाह उड़ रही है। इस संबंध में दुकानदारों व खरीदारी को आने वाली जनता को समझाया गया कि सरकार की ओर से जिला प्रशासन को अभी तक कोई ऐसा आदेश नहीं मिला है। कुछ लोग अफवाह उड़ा रहे हैं। इसके चलते बाजारों में रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ रही है। लोग दाम में वृद्धि की शिकायत कर रहे हैं। जबकि बाजार में सामान सामान्य दरों पर ही बिक रहा है। प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान पर रेट लिस्ट चस्पा करना अनिवार्य है। बिना रेट लिस्ट सामान बेचते पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।