बुलंदशहर के खुर्जा थाना क्षेत्र के गांव तायपुर निवासी एक व्यक्ति ने मलखान सिंह जिला अस्पताल के एक चिकित्सक पर उपचार के बदले में 22 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। इससे संबंधित शिकायत जिलाधिकारी से की गई है।
गांव तायपुर निवासी नरसिंह पाल सिंह का कहना है कि 6 मार्च को गांव में झगड़ा हुआ था।
कुछ लोगों ने उनकी पत्नी इंदिरा देवी एवं पुत्र रिंकू को बुरी तरह मारापीटा था। गंभीर रूप से घायल पत्नी को उपचार के लिए मलखान सिंह जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पैर का ऑपरेशन करने के लिए एक चिकित्सक ने 22 हजार रुपये लिए और मात्र 400 रुपये की रसीद दी। जब बाकी पैसे की रसीद मांगी गई तो उनका कहना था कि यहां ऐसे ही ऑपरेशन होते हैं। अधिकारियों को भी पैसे देने होते हैं। नरसिंह का कहना है कि 27 मार्च को जब वह टांके कटवाने गए तो ऑपरेशन थिएटर में मौजूद एक मैडम ने अलग से दो हजार रुपये की मांग की। जब इसकी शिकायत डॉक्टर से करने गए तो उन्होंने अभद्रता की।
नरसिंह का कहना है कि कुछ लोगों ने भाजपा नेता राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ के पास जाने का सुझाव दिया। उनके माध्यम से न्याय के लिए गुहार लगाई है। गांव में भी उनके परिजनों को जान का खतरा है। सीएमएस डॉ. रामकिशन का कहना है कि इस तरह की शिकायत उनके पास नहीं आई है। पीड़िता शिकायत लेकर आती है तो जरूरी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को भी पूरे प्रकरण से अवगत कराएंगे।