रिश्वत कांड के आरोपी पंडित दीनदयाल संयुक्त चिकित्सालय के एक्स-रे टेक्नीशियन को निलंबित करने की तैयारी है। सीएमओ ने इस मामले में स्वास्थ्य निदेशालय लखनऊ को पत्र लिख दिया है। पत्र में आरोपी के निलंबन की संस्तुति की गई है। इधर, इस प्रकरण में डॉक्टरों के पैनल की जांच जारी है। संभवत वे बृहस्पतिवार आज अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंप देंगे।
किसी काम के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोपी पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय के रेडियोलॉजी विभाग के एक्सरे तकनीशियन जगमोहन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सीएमओ ने स्वास्थ्य निदेशालय को पत्र लिखकर उनके निलंबन की संस्तुति कर दी है। बताते चलें कि रिश्वत कांड का वीडियो जारी होने के बाद आरोपी को रेडियोलॉजी विभाग से हटाकर कार्यालय से संबद्ध पहले ही किया जा चुका है। इधर, इस प्रकरण में दीनदयाल अस्पताल के सीएमएस डॉ. एबी सिंह द्वारा गठित डॉक्टरों के पैनल की जांच जारी रही। इस दौरान आरोपी समेत अन्य लोगों के बयान दर्ज किए गए। समिति संभवत: बृहस्पतिवार आज अपनी रिपोर्ट सीएमओ को सौंप देगी। सीएमओ डॉ. बीपी कल्याणी ने स्वीकार किया कि रिश्वत प्रकरण में उन्होंने स्वास्थ्य निदेशालय को रिपोर्ट भेज दी है। इसमें आरोपी एक्सरे टेक्नीशियन के निलंबन की संस्तुति की गई है।