दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर बन्नादेवी क्षेत्र के बरौला जाफराबाद पुल के पास बृहस्पतिवार देर शाम दिल्ली हावड़ा राजधानी की चपेट में आकर दो मजदूरों की मौत हो गई। इस दौरान पांच मिनट तक ट्रेन को मौके पर रोकना पड़ गया। इंजन के आगे के हिस्से में फंसे शरीर के हिस्सों को निकाला गया, जब ट्रेन रवाना की गई। इधर, देर रात तक शवों की पहचान नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब सात बजे कपड़े व हुलिया से मजदूर जैसे दिख रहे 30 से 35 वर्षीय दो युवक बरौला पुल के नीचे से ट्रैक पार कर रहे थे। तभी दिल्ली से हावड़ा जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में दोनों आ गए और दोनों के शरीरों के परखच्चे उड़ गए। कुछ हिस्से इंजन के अगले हिस्से में फंस गए। चालक ने तत्काल गाड़ी को रोक लिया। खबर पर बन्नादेवी पुलिस के साथ-साथ आरपीएफ, जीआरपी भी पहुंच गई। इंजन में फंसे मलबे को निकालने के बाद ही ट्रेन को रवाना किया गया। पुलिस के अनुसार आसपास के मोहल्ले में रहने वाले लोगों से युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। बन्नादेवी पुलिस के अनुसार दोनों शवों को मोरचरी भिजवा दिया गया है।