खुद के अपहरण का झूठा नाटक रचने वाले रामपुर के व्यापारी को परिवार के हवाले कर दिया गया। इससे पहले दिन में न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए और झूठी सूचना देकर पुलिस व परिवार को परेशान करने के आरोप में धारा 182 के तहत नोटिस कार्रवाई भी की गई है।
वाकया पांच जनवरी की रात को शुरू हुआ था, जब रामपुर के सिविल लाइंस इलाके के रहने वाले राघवेंद्र ने अपनी पत्नी को अलीगढ़ आने के बाद बदमाश पीछे लगने की खबर दी। साथ ही फोन बंद कर लिया। इस मामले में पत्नी ने पति के अपहरण की खबर देकर अलीगढ़ के कुछ लोगों पर आरोप मढ़ा। इस मामले में हरकत में आई बन्नादेवी पुलिस ने राघवेंद्र को दो दिन के प्रयास के बाद इंदौर से पकड़ा था।
उसने पूछताछ में यह स्वीकारा था कि कर्ज काफी होने व व्यापार में घाटा होने के कारण उसने यह नाटक रचा था। इंस्पेक्टर बन्नादेवी धीरेंद्र मोहन के अनुसार शुक्रवार को राघवेंद्र सिंह के न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए। साथ में नाटक रचने के आरोप में धारा 182 के तहत कार्रवाई की गई। इसका नोटिस तामील कराया गया। इसके बाद उसे न्यायालय के निर्देश पर परिवार को सौंप दिया गया है। बाकी अब न्यायालय स्तर से तलब कर उस पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।