फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अन्नदाता के ‘जख्मों’ में मरहम लगाने पहुंचे नोडल अधिकारी

विज्ञापन
विज्ञापन
तीन नए कृषि कानूनों को लेकर पंजाब-हरियाणा सहित उप्र के किसानों के भी नाराज होने की रिपोर्ट मिलने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने नोडल अधिकारी आईएएस नितिन रमेश गोकर्ण को अलीगढ़ भेजा था। सोमवार को नोडल अधिकारी ने यहां धनीपुर मंडी का दौरा किया, तीन किसानों से वार्ता भी की। धान-मक्का की खरीद एमएसपी पर ही करने व टोकन सिस्टम के जरिये पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर खरीद करने व 72 घंटे के भीतर फसल खरीद के भुगतान के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन के साथ कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की, जिसमें कहा कि किसानों की समस्याओं को लटकाकर न रखा जाए, त्वरित निस्तारण करें। अन्नदाता को कोई तकलीफ सहन नहीं की जाएगी।
विज्ञापन

इस दौरान नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण को जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने धान व मक्का खरीद, कोविड रोकथाम, विकास कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि धान व मक्का खरीद को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। खैर व धान मंडी में बोली लगाकर पारदर्शिता के साथ खरीद की जा रही है। अलीगढ़ में धान लक्ष्य से कई गुना अधिक खरीदा जा चुका है। सभी किसानों का भुगतान हो गया है। मक्का लक्ष्य के सापेक्ष 93 प्रतिशत खरीदी जा चुकी है। जिले में खाद-बीज की कोई समस्या नहीं है। रैन बसेरे पूरी तरह संचालित हैं और नगर निकाय सहित तहसीलों में अलाव जलाकर लोगों को ठंड से राहत प्रदान की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली प्रदान की जा रही है। 14 नलकूप खराब हैं, उनको ठीक कराने के आदेश दिए हैं। सभी तहसीलों में जरूरतमंदों को कंबल वितरण किया जा चुका है। अलीगढ़ में 13464 स्वास्थ्य कर्मियों का कोविड टीकाकरण किया जाना है। टीके रखने को 78 क्रियाशील डीप फ्रीजर हैं तथा 808 वैक्सीनेटर हैं। रिपोर्ट सुनने के बाद नोडल अधिकारी ने कहा कि संबंधित विभाग किसानों की समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए निस्तारण करें। बैठक में एसएसपी मुनिराज जी, सीडीओ अनुनय झा, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एडीएम वित्त विधान जायसवाल, एडीएम प्रशासन डीपी पाल व सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

इधर, पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी आईजी पीयूष मोर्डिया ने पुलिस लाइन में किसान व धर्मगुरुओं के साथ बैठक की, जिसमें जिले में आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। इस दौरान एसएसपी, एसपी सिटी आदि पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
धनीपुर मंडी में किसानों से हुई वार्ता
नोडल अधिकारी ने धनीपुर मंडी के निरीक्षण के दौरान तीन किसानों से बात की। इसमें एक किसान ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उसने अपना धान बेचा था। उसका भुगतान हो गया है। दूसरे किसान ने एमएसपी को लेकर पूछा तो उसने भी एमएसपी पर फसल खरीद की बात कही। तीसरा किसान भी मंडी परिषद के कामकाज से संतुष्ट नजर आया।
सीएम को देंगे रिपोर्ट
नोडल अधिकारी नितिन रमेश गोकर्ण सोमवार रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार को सुबह 10 बजे वृहद गो संरक्षण केंद्र, नगला राजू, चंडौस का निरीक्षण करेंगे। एक बजे खैर मंडी स्थित खाद्य विभाग के केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। दोपहर तीन बजे बाद वह लखनऊ रवाना हो जाएंगे। यहां के निरीक्षणों के आधार पर सीएम को अपनी रिपोर्ट देंगे, जो कि 30 दिसंबर को ऑनलाइन अपलोड होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें