कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों में जागरूकता फैलाने को शासन से भेजी गई एलईडी वैन को सोमवार को जिले में प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया गया। डीएम चंद्रभूषण सिंह, सीडीओ अनुनय झा ने हरी झंडी दिखाई।
शासन के द्वारा भेजी गई एलईडी वैन की मांग जिलाधिकारी की पहल पर जिले को मिली है । डीएम ने बताया कि लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने को शासन से एक प्रसार-प्रचार वाहन भेजने के लिए पत्र लिखा गया था। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी एलईडी वैन के माध्यम से बताए जा रहे सुरक्षा उपायों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें, ताकि स्वयं को व परिवार को सुरक्षित रख सकें। सीडीओ अनुनय झा ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चैन तोड़ने में इस समय देश भर के कर्मवीर पूरे जी जान से जुटे हैं। हमारे कोरोना योद्धा डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, सफाईकर्मी एवं पुलिस फ्रंटलाइन में रहते हुए इस जंग में सहभागिता निभा रही है। लोगों से अपील है कि उनकी मेहनत को ही ध्यान में रखते हुए कोविड नियमों का पालन करें।