कोरोना महामारी की रोकथाम को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार रात को कलक्ट्रेट परिसर में कोरोना को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें डीएम ने छेरत क्वारंटीन सेंटर को एल-1 के तौर पर तैयार होने की जानकारी दी। साथ ही दीनदयाल अस्पताल में 300 बेड की क्षमता किए जाने का आदेश एसीएम-2 को दिया। वहीं, सभी एमओआईसी के अधिकारी उनके द्वारा कार्यों में पाई जा रही लापरवाही के चलते सीज कर दिए हैं। वह बिना सीएमओ के निर्देश के किसी भी प्रकार का आदेश जारी नहीं कर सकेंगे।
डीएम ने बताया कि होम आइसोलेशन व कांटेक्ट ट्रेसिंग को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। छेरत एल-1 हॉस्पिटल में दीनदयाल अस्पताल की तरह सीसीटीवी सहित बेहतर व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए है। एल-1 अस्पताल तैयार हो गया है। डॉ. अंकित इसके प्रभारी, डा. एसपी सिंह नोडल व एसडीएम कोल इसकी मजिस्ट्रेट होंगी। वहीं, अब कोई भी एमओआईसी किसी भी प्रकार का आदेश पारित नहीं करेगा, जब तक कि सीएमओ की अनुमति न लें। एसीएम 2 रंजीत सिंह को निर्देश दिए हैं कि दीनदयाल अस्पताल में 300 बेड तक की क्षमता की जाए। कोरोना कंट्रोल रूम प्रभारी स्मृति गौतम ने बताया कि अलीगढ़ में 34788 लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग हुई है। होम आइसोलेशन में अब तक 1055 संक्रमित भेजे गए हैं। इनमें से 532 ठीक हो चुके हैं। 523 सक्रिय केस वर्तमान में हैं।