राजकीय रेलवे पुलिस अलीगढ़ ने दस साल से वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी अपराधी को दबोचा। उसे जेल भेज दिया गया है।
जीआरपी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के मुताबिक हरदुआगंज निवासी किशन उर्फ दिनेश सिंह के खिलाफ मथुरा जिले के नौहझील निवासी एक युवक की पत्नी को बच्चे सहित बहला फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इस अपराध में इसके साथी भी शामिल थे। उसी मामले में यह फरार चल रहा था। 2011 में जीआरपी ने इसे वांछित करार दे दिया था। साथ ही इस पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया था। लंबे समय से चल रही तलाश के बाद आरोपी को रविवार को गाजियाबाद के लोनी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि दस साल से उक्त महिला व बच्चा उसी के साथ गाजियाबाद में रह रहा है। महिला व बच्चों को बरामद करने के लिए एक टीम रवाना की गई है।