देहली गेट इलाके की ऐलाना मीट फैक्टरी के बाहर शुक्रवार को दो ठेकेदारों में मजदूरों को लेकर भिड़ंत हो गई। जमकर मारपीट के बाद एक पक्ष की ओर से फायरिंग भी की गई। मामले में एक पक्ष ने थाने में जाकर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वाकया के मुताबिक शानू निवासी कोतवाली एलाना मीट फैक्ट्री में ठेकेदारी करता है। शुक्रवार को वह सुबह वह फैक्टरी पहुंचा ही था कि फैक्टरी के ही एक अन्य ठेकेदार से गेट पर उसकी मुलाकात हो गई। दोनों के बीच मजदूरों को लेकर बात होने लगी। इस दौरान मामला गर्मा गया और ठेकेदार आपस में लडऩे यह देख दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने सामने आ गए। जमकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इसी दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग सहम गए और मौके से भाग गए।
इधर, सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस को ठेकेदार शानू ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ तहरीर दी है। थाना देहली गेट इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा के मुताबिक मजदूरों को लेकर दोनों ठेकेदारों में विवाद हुआ था। एक पक्ष ने तहरीर दी है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।