डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के बीएड की फर्जी व टेंपर्ड मार्कशीट पर नौकरी करने वाले शिक्षकों ने खुद को बेकसूर साबित करने के लिए एक और नई चाल चली है। अब एक फर्जी चिट्ठी के जरिये 60 शिक्षकों के नाम एसआईटी की जांच में गलती से शामिल होने का दावा किया गया है, जिसको लेकर बेसिक निदेशालय सतर्क हो गया है।
प्रदेश भर के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आगाह करने के लिए अपर शिक्षा निदेशक (शिविर) शिक्षा निदेशक (बेसिक) डॉ. सुत्ता सिंह ने पत्र भेजा है। अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा गया है कि एसआईटी के नाम से फर्जी, टेंपर्ड डिग्री, अंक तालिकाओं के आधार पर सेवायोजित शिक्षकों को लाभ पहुंचाने व विवेचना 60 सेवायोजित शिक्षकों को निर्दोष साबित करने के लिए जारी फर्जी पत्र अगर मिलते हैं तो उनकी पुष्टि एसआईटी से कराने के बाद फर्जी पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कराएं। बता दें कि अंक तालिकाओं के फर्जीवाड़े की जांच के बीच में ही एसआईटी के नाम से एक फर्जी चिट्ठी कुछ जिलों में भेज दी गई है।