डीएम वार रूम के नाम से सोमवार को खैर के 17 लोगों के संबंध में उनके कोरोना संक्रमित होने की फर्जी जानकारी सोशल मीडिया पर फैलाने के मामले में थाना पुलिस ने नायाब तहसीलदार की तहरीर पर एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एफआईआर में सूचना फैलाने वालों के दो मोबाइल नंबर भी अंकित किए गए हैं। इन पर साइबर टीम काम कर रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि डीएम वार रूम के नाम से कुछ शातिर लोगों ने खैर में 17 लोगों को कोरोना पॉजिटिव होने की फर्जी खबर वायरल कर दी थी। इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम खैर अंजुम बी को जांच कर एफआईआर कराने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को नायाब तहसीलदार कृष्णदत्त की ओर से थाना खैर में एक अज्ञात पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। डीएम ने कहा है कि जिन लोगों के मोबाइल नंबर चिन्हित किए गए हैं, उन्होंने डीएम वार रूम का गलत उपयोग करते हुए भ्रामक खबर वायरल की है, उनको साइबर पुलिस टीम जल्द ही तलाश लेगी।