नगर विकास सचिव अनुराग यादव अलीगढ़ में पहुंच गए हैं। वह अधिकारियों के साथ बैठक भी कर चुके हैं। ताज्जुब की बात यह है कि नगर विधान सभा क्षेत्र के विधायक संजीव राजा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को नगर विकास सचिव के आगमन की कोई सूचना नहीं दी गई है। नगर विधायक का तो यहां तक कहना है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर अब तक की कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं है। शासन तो वही रिपोर्ट पहुंचाई जाएगी जो यहां के अधिकारी देंगे।
संजीव राजा ने कहा कि शासन के सचिव स्तर के अधिकारी यदि जनपद में आते हैं तो जन प्रतिनिधियों से मिलना चाहिए या नहीं। शासन एवं प्रशासन द्वारा इसकी सूचना जनप्रतिनिधियों को देना चाहिए या नहीं। सूचना नहीं दिए जाने पर भाजपा विधायक ने नाराजगी जताई। कहना है कि रोज कितने नमूने लिए जाते हैं और कितनों की रिपोर्ट जारी होती है, किसी को पता नहीं है। यदि जेएन मेडिकल कॉलेज में रोज 240 टेस्ट होते हैं तो उसकी रिपोर्ट जारी क्यों नहीं की जाती है। कहीं न कहीं जांच में मनमानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि यह खेद की बात है कि शासन का सचिव स्तर का अधिकारी शहर में है और जन प्रतिनिधियों को सूचना तक नहीं है। उल्लेखनीय है कि प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के रवैये से विपक्षी पार्टियों की कौन कहे भाजपा विधायक एवं नेता भी बेहद खफा हैं। मानिक चौक के कारोबारी की मृत्यु के समय यह विरोध खुलकर सामने आई थी।