कोरोना की दहशत के बीच शहर के तीन अपार्टमेंटों में संक्रमण पहुंचने से वहां दहशत का माहौल है। आलम यह है कि तीनों अपार्टमेंटों के लोग घबराए हुए घरों में कैद हो गए हैं। इनमें से एक अपार्टमेंट पार्क व्यू से तो कई परिवार फ्लैट छोड़कर अपने करीबी रिश्तेदारों के घर चले गए हैं। देर शाम तक पुलिस इस अपार्टमेंट में पहुंची तो यह खुलासा हुआ। फिलहाल, सभी जगह टीमें सैनिटाइज कराने से लेकर वहां के संक्रमितों का यात्रा इतिहास खंगालने में जुटी है।
रेलवे अधिकारी हार्ट अटैक बाद पहुंचा हॉस्पिटल, 21 लोग आए संपर्क में
रेलवे स्टेशन पर संकेत व दूरसंचार विभाग में तैनात क्लास वन अफसर के कोरोना पॉजिटिव मिलने से जंक्शन पर अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। वह 21 अधिकारियों-कर्मचारियों के संपर्क में आए थे। इन सभी की सूची तैयार कर जिला प्रशासन को रेलवे ने उपलब्ध करा दी है। सभी को क्वारंटीन किए जाने की तैयारी देर रात तक जारी रही। 49 वर्षीय कोरोना संक्रमित अधिकारी यहां समद रोड स्थित लोटस अपार्टमेंट में पत्नी व दो बच्चों सहित रहते हैं। बृहस्पतिवार को वह आगरा गए थे। वहां से अगले दिन लौटे और शनिवार को हार्ट अटैक हुआ। परिजन उन्हें रामघाट रोड के एक नर्सिंग होम में ले गए। यहां से उनको अपोलो रेफर कर दिया गया। वहां कोरोना जांच में वह पॉजिटिव पाए गए। हालांकि रिपोर्ट आने से पहले वह आगरा पहुंच गए थे। रिपोर्ट आने पर उन्होंने खुद आगरा-अलीगढ़ प्रशासन व रेलवे अफसरों को सूचना दे दी। रेलवे के जो 21 अधिकारी-कर्मचारी उनके संपर्क में आए हैं, उनको होम क्वारंटीन किया जा रहा है। वहीं, नर्सिंग होम और लोटस अपार्टमेंट में कार्रवाई को लेकर देर रात तक मंथन जारी रहा।
अपोलो हॉस्पिटल से ही मिली दो अन्य के संक्रमण की रिपोर्ट
दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल से ही मंगलवार को शहर के दो अन्य कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट मिली। इनमें गूलर के 60 वर्षीय कोरोना संक्रमित तार कारोबारी और मैरिस रोड, क्वार्सी स्थित पार्क व्यू अपार्टमेंट में रहने वाला बिजली के उपकरणों का कारोबारी (42 वर्षीय) भी शामिल है। दोनों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को मंगलवार दोपहर को प्राप्त हुई। इनमें से गूलर रोड के व्यापारी के आठ परिजन क्वारंटीन कर उनकी सैपलिंग कराई है। एक बेटा उनके साथ दिल्ली में है। तार कारोबारी की रविवार को तबियत खराब हुई थी। इस पर परिवार वाले दिल्ली ले गए थे। वहां अपोलो हॉस्टिपल में भर्ती कराया गया। यहां जांच में संक्रमित पाए गए हैं। मैरिस रोड, पार्क व्यू अपार्टमेंट, क्वार्सी में रहने वाले बिजली उपकरण के कारोबारी का देहली गेट स्थित बंबई वाला पेच इलाके में दुकान है। इनके परिवार के सभी आठ लोग दिल्ली में हैं। देर शाम जब पुलिस टीम अपार्टमेंट पहुंची तो पता चला कि वहां के कई फ्लैट इस सूचना पर खाली हो गए हैं। फिलहाल उनकी हिस्ट्री पर काम चल रहा है।
इंस्पेक्टर देहली गेट की तबीयत खराब, लू लगने के लक्षण
शहर के सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित प्रभावित इलाके के थाना देहली गेट इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा की मंगलवार को तबियत खराब हो गई। हालांकि उनको लू लगने के कारण बीमार होना बताया जा रहा है। एहतियातन उन्होंने खुद को थाने के ऊपर बने कमरे में क्वारंटीन कर लिया है। डाक्टरी सलाह पर वह उपचार ले रहे हैं।
महिला के परिजनों का लिया गया नमूना
रियाज कॉलोनी निवासी मृतक महिला के घर से 400 मीटर एरिया को सील कर सैनिटाइज किया गया। उनके परिजनों एवं संपर्क के लोगों का नमूना लिया जा रहा है। यह महिला बीमारी के चलते मेडिकल में भरती थी।