लोधा क्षेत्र में खेरेश्वर चौराहे के पास चंडीगढ़ से प्रवासी मजदूरों को लेकर जा रहे टेंपो में ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में टेंपो सवार मजदूर जख्मी हो गए। वहीं टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया। आनन फानन पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन सभी को उनके घरों को भिजवाने की व्यवस्था की गई।
सोमवार को चंडीगढ़ से एक ही परिवार के चार लोग देवेंद्र, विष्णु, गौरव व लक्ष्मी देवी निवासी टुकर्ररी सोरों कासगंज व उनके परिचित रामपुर के गांव जसमोदी निवासी अवधेश ने कासगंज जाने के लिए आठ हजार रुपये में टेंपो तय किया। सोमवार रात को सभी लोग कासगंज के लिए रवाना हुए। मंगलवार को सुबह करीब सात बजे खेरेश्वर चौराहे पर टेंपो चालक ने ब्रेकर पर जैसे ही ब्रेक लिए, वैसे ही तेज गति के कारण टेंपोे व ट्रक की टक्कर हो गई। टेंपो में सवार सभी प्रवासी मजदूर व टेंपो चालक गंगाराम व उमेश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसओ लोधा के अनुसार सभी के हल्की चोटें आई थी। बाद में उन्हें कासगंज भिजवा दिया गया है।