महापौर मोहम्मद फुरकान ने क्वार्सी क्षेत्र में गोविला गैस गोदाम के पास कब्रिस्तान में एक वृद्धा की मौत के बाद उसे दफनाने से रोकने पर पुलिस की कड़ी निंदा की है।
महापौर मोहम्मद फुरकान ने कहा कि जब वृद्धा के परिजन कब्रिस्तान में शव को दफनाने पहुंचे तो वहां पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दलील दी यहां पर 5 साल से किसी को भी दफन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करवाने वालों से मिली हुई है। उस इलाके में जब 5 साल से किसी की मौत ही नहीं हुई तो दफनाने भला कौन आता।
उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लिया है। पीड़ित पक्ष बुधवार को उनके पास शिकायत करने पहुंचा था। महापौर मोहम्मद फुरकान ने कहा है कि नगर निगम की सीमा में आने वाले किसी भी कब्रिस्तान, श्मशान घाट या इसी प्रकार की जमीन पर किसी भी प्रकार के भू माफिया का कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। इस कब्रिस्तान में वह 6 महीने पहले भी गए थे और तब भी कुछ इसी प्रकार का विवाद पैदा करने का प्रयास किया गया था। महापौर मोहम्मद फुरकान ने कहा है कि वह अब तक 15 से ज्यादा कब्रिस्तानों की जमीनों को कब्जा मुक्त करा चुके हैं। इस कब्रिस्तान पर भी किसी का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।